जिला परिषद चुनाव में महायुति का खाता तक नहीं खुला!

* जिला परिषद - पंचायत समिति चुनाव 2026

* 'परिवर्तन विकास आघाड़ी’ की जोरदार जीत

*  राष्ट्रवादी, ठाकरे गुट व मित्र दलों की बडी बढ़त

* विकास के लिए निर्णायक भूमिका निभाने का अवसर

कर्जत / नरेश जाधव :- कर्जत तहसील में संपन्न जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव 2026 में ‘परिवर्तन विकास आघाड़ी’ ने दमदार प्रदर्शन करते हुए तहसील की राजनीति में अपना दबदबा कायम किया है। इस आघाड़ी में अजित पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस, शिवसेना उद्धव बालासाहब ठाकरे गुट और मित्र दलों के उम्मीदवारों ने बहुसंख्य सीटों पर जीत दर्ज कर विरोधियों को करारा झटका दिया है। इन नतीजों से आगामी कार्यकाल में तहसील के विकास कार्यों में परिवर्तन विकास आघाड़ी की निर्णायक भूमिका स्पष्ट हो गई है।


* जिला परिषद गुटों में आघाड़ी की मजबूत पकड :- जिला परिषद गुटों के परिणामों में परिवर्तन विकास आघाड़ी के उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया। कलंब जिला परिषद गुट से राष्ट्रवादी कांग्रेस के नारायण डामसे ने शिवसेना के हरिश्चंद्र निरगुडा पर 234 मतों से जीत दर्ज की। कशेले गुट से राष्ट्रवादी कांग्रेस की वर्षा सुरेश दोरे ने 3,719 मतों के बडे अंतर से विजय हासिल किया। नेरल जिला परिषद गुट में शिवसेना (उबाठा) की सुनिता रोहिदास मोरे ने शिवसेना उम्मीदवार को 883 मतों से पराजित किया। कडाव गुट से उबाठा गुट के मारुति घारे विजयी रहे। माणगांव तर्फे वरेडी गुट में राष्ट्रवादी कांग्रेस की सुवर्णा प्रदीप ठाकरे ने कड़े मुकाबले में महज 19 मतों से जीत दर्ज की। वहीं बडे वेणगांव जिला परिषद गुट में राष्ट्रवादी कांग्रेस की उषा अंकुश ठोंबरे ने 5,547 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की।


* पंचायत समिति में भी परिवर्तन विकास आघाड़ी का वर्चस्व :- पंचायत समिति चुनावों में भी आघाड़ी ने अपनी बढ़त बनाए रखी। पोशिर पंचायत समिति से शेकाप की रेश्मा जोशी विजयी रही। कलंब पंचायत समिति से उबाठा गुट की कमलाबाई शिंगवा, पाथरज से राष्ट्रवादी कांग्रेस की कविता पादीर, कशेले से अक्षय तिटकारे, नेरल से राष्ट्रवादी कांग्रेस के भगवान चंचे, दामत से महेश खारीक, वाकस से नितिन धुले और कडाव से उबाठा गुट की सुषमा पवाली विजयी हुईं। इसके अलावा, माणगांव तर्फे वरेडी पंचायत समिति से शिवसेना के महेश विरले, उक्रुल से उबाठा गुट की नमिता श्रीखंडे, बडे वेणगांव से उबाठा गुट की चित्रा ठाकरे तथा बीड बुद्रुक से राष्ट्रवादी कांग्रेस की नमिता घारे ने बडे मतों के अंतर से जीत दर्ज की।


* जश्न का माहौल, समर्थकों में उत्साह :- नतीजे घोषित होते ही कर्जत तहसील में परिवर्तन विकास आघाड़ी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पटाखे फोड़कर, नारेबाजी कर विजयी उम्मीदवारों का जोरदार स्वागत किया।


* नेताओं ने जताया आभार :- परिवर्तन विकास आघाड़ी के कर्जत तहसील प्रमुख व राष्ट्रवादी कांग्रेस के रायगढ़ जिला अध्यक्ष सुधाकर घारे तथा शिवसेना उबाठा के उपजिल्हाप्रमुख नितीन सावंत ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। साथ ही चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए चुनाव प्रशासन, अधिकारी-कर्मचारियों, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।


* विकास को मिलेगी रफ्तार :- इस प्रचंड जीत से कर्जत तहसील में परिवर्तन विकास आघाड़ी की राजनीतिक ताकत और मजबूत हुई है। आने वाले समय में सडक, जलापूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में ठोस निर्णय लेकर विकास कार्यों को गति देने का अवसर इस आघाड़ी को मिला है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पारदर्शी और विकासोन्मुख प्रशासन देने की जिम्मेदारी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों पर होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post