* श्रेया घोषाल की आवाज़ ने जीता दर्शकों का दिल
* मां हा बेटे के अटूट रिश्ते को समर्पित दिल छू लेने वाला गीत
* टीजर का संवाद “अब और नहीं सहेंगे… लड़ेंगे!” बना चर्चा का विषय
मुंबई / संवाददाता :- विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी बहुचर्चित फिल्म ‘द केरळ स्टोरी 2 - गोज बियॉन्ड’ का भावनात्मक गीत ‘ओ माय री’ हाल ही में रिलीज किया गया है। इस गीत ने रिलीज होते ही श्रोताओं और दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी है। मां और बच्चे के बीच के अटूट रिश्ते को समर्पित यह गीत प्रसिद्ध गायिका श्रेया घोषाल की मधुर आवाज में पेश किया गया है, जिसने कुछ ही पलों में श्रोताओं को भावुक कर दिया। फिल्म के टीजर को पहले ही जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल चुकी थी और अब इस गीत के आने से फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ गई है।
* मां - बेटे के रिश्ते का संवेदनशील चित्रण :- 'ओ माय री’ गीत में मां के मन में बसे ममता, सुरक्षा, अपनापन और नि:स्वार्थ प्रेम को बेहद भावुक अंदाज में उकेरा गया है। श्रेया घोषाल की आवाज की कोमलता और भावनात्मक गहराई इस गीत को सीधे दिल तक पहुंचाती है। संगीतकार मन्नन शाह की सोलफुल धुन और गीतकार मनोज मुंतशिर के भावनाओं से भरे शब्दों ने इस गीत को और भी खास बना दिया है। गीत समाप्त होने के बाद भी इसकी धुन मन में गूंजती रहती है और श्रोताओं को एक सुकून भरा अनुभव देती है।
* विपुल अमृतलाल शाह - श्रेया घोषाल की हिट जोड़ी फिर एक बार साथ :- 'ओ माय री’ विपुल अमृतलाल शाह और श्रेया घोषाल की एक और यादगार पेशकश साबित हो रही है। इससे पहले ‘फोर्स’ (2011) का गीत ‘मैं चली’, ‘एक्शन रिप्ले’ (2010) के ‘ओ बेखबर’, ‘बाकी मैं भूल गई’ और ‘तेरा मेरा प्यार’ जैसे गाने इस जोड़ी को बड़ी पहचान दिला चुके है। नया गीत ‘ओ माय री’ भी इसी हिट परंपरा को आगे बढाता हुआ नजर आ रहा है।
* 'द केरळ स्टोरी 2 - गोज बियॉन्ड’ : पहले भाग से भी अधिक धारदार कहानी :- फिल्म ‘द केरळ स्टोरी 2 - गोज बियॉन्ड’ का टीजर पहले भाग की तुलना में अधिक तीखा, प्रभावशाली और झकझोर देने वाला बताया जा रहा है। इस फिल्म में तीन हिंदू युवतियों की कहानी दिखाई गई है, जिनकी भूमिकाएं उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया ने निभाई है। तीन मुस्लिम युवकों से संबंध स्थापित होने के बाद इन युवतियों के जीवन में आने वाले अंधेरे और साजिश भरे सच को फिल्म में उजागर किया गया है। प्रेम से शुरू हुई कहानी धीरे-धीरे भयावह सच्चाई की ओर बढ़ती है, जिसके केंद्र में धार्मिक धर्मांतरण का मुद्दा है।
* “अब और नहीं सहेंगे… लड़ेंगे!” टीजर का दमदार संवाद चर्चा में :- टीजर में सुनाई देने वाला संवाद “अब और नहीं सहेंगे… लड़ेंगे” फिल्म की भावना और संघर्ष की दिशा को स्पष्ट करता है। पहली ‘द केरळ स्टोरी’ ने अपने बेबाक और सीधे-सपाट कथानक से देशभर में हलचल मचा दी थी। उसी कडी में इसका सीक्वल और भी गहराई तथा प्रभाव के साथ दर्शकों के सामने आने का संकेत देता है।
* 27 फरवरी 2026 को होगी रिलीज :- कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है, जबकि सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले आशिन ए. शाह ने सह-निर्माता की भूमिका निभाई है। ‘द केरळ स्टोरी 2 - गोज बियॉन्ड’ 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। भावुक गीत ‘ओ माय री’ के बाद अब दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता चरम पर पहुंच चुकी है और वे बेसब्री से इसके रिलीज का इंतजार कर रहे है।
