एबीवीपी की ‘खेलो भारत’ पहल के तहत मोरिया में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता सम्पन्न

* स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवाओं में खेल भावना को मिला नया उत्साह

बालाघाट / शैलेंद्र सिंह सोमवंशी :- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) लामता इकाई द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर साप्ताहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में एबीवीपी की ‘खेलो भारत’ गतिविधि के अंतर्गत भारतीय पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम मोरिया में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करना, शारीरिक सुदृढ़ता को प्रोत्साहित करना तथा पारंपरिक भारतीय खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। प्रतियोगिता में महाविद्यालय लामता के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण खेलप्रेमी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भुवनेश्वर रजक (निर्माण सभापति, बालाघाट) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शासकीय महाविद्यालय लामता के प्राचार्य सुंदरलाल बिसेन सर, चंद्रशेखर कटरे, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे उपस्थित रहे। एबीवीपी की ओर से महाविद्यालय प्रमुख प्रतीक चौधरी, सहमंत्री अमित धामड़े, ओमप्रकाश सहारे, जीतू सोनी, विद्यालय प्रमुख अखिलेश तुलसीकर सहित अनेक कार्यकर्ता आयोजन में सक्रिय रहे।


इस जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में परसवाड़ा, नैनपुर, लामता, मोरिया, चांगोटोला, मगरदर्रा, लालबर्रा, उड़दना, बैहर सहित कुल 15 से अधिक टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 11 बजे हुआ और रोमांचक मुकाबलों के बाद रात्रि 12 बजे फाइनल मैच खेला गया। फाइनल मुकाबला उड़दना और मोरिया टीम के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए उड़दना टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।


* पुरस्कार इस प्रकार रहे :- 

🥇 प्रथम पुरस्कार: उड़दना टीम – ₹3101/-

🥈 द्वितीय पुरस्कार: मोरिया टीम – ₹2101/-

🥉 तृतीय पुरस्कार: ₹1101/- (आयोजकों द्वारा प्रदान)

पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि भुवनेश्वर रजक एवं प्रतियोगिता आयोजकों के हाथों किया गया।


प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित शिक्षकों, गणमान्य नागरिकों और खेलप्रेमियों ने एबीवीपी की ‘खेलो भारत’ पहल की जमकर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को नशा, तनाव और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखकर खेल और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में प्रेरित करते है। इस सफल आयोजन से मोरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में खेलों के प्रति नया उत्साह देखने को मिला और एबीवीपी की सामाजिक-सांस्कृतिक भूमिका एक बार फिर उजागर हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post