खेत में पेड कटाई के दौरान बडा हादसा

* विशालकाय पेड गिरने से किसान की मौके पर मौत, गांव में शोक की लहर

बालाघाट / शैलेंद्र सिंह सोमवंशी :- जिले के नवेगांव ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोंगलई से रविवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। खेत में पेड की कटाई - छंटाई के दौरान अचानक एक विशालकाय पेड गिरने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। मृतक की पहचान सुरज पिता कोठूलाल देवारे (उम्र 49 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम पंचायत गोंगलई के निवासी थे।


* कैसे हुआ हादसा :- मृतक के भाई जीयालाल देवारे ने बताया कि रविवार सुबह वे अपने भाई सुरज, कमलेश लिल्हारे और उपवंशी के साथ खेत में पेड की कटाई - छंटाई के लिए गए थे। इसी दौरान सुरज एक पेड काट रहा था। कटाई के बाद पेड खेत के दूसरी ओर गिरने के बजाय झाड़ियों में फंस गया और अचानक संतुलन बिगड़ने से तेजी से वापस सुरज के ऊपर आ गिरा। इस हादसे में सुरज के सिर और गले में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पेड के नीचे दबे रहने के कारण वह तुरंत बाहर नहीं निकल सका। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बडी संख्या में खेत पहुंचे और सभी की मदद से पेड के नीचे दबे सुरज को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।


* पुलिस कार्रवाई :- सूचना मिलते ही नवेगांव ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। मृतक के शव को जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


* परिवार पर टूटा दुखों का पहाड :- ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश पटले ने घटना को अत्यंत दुखद और स्तब्ध कर देने वाली बताया। उन्होंने कहा कि जब वे खेत पहुंचे, तब तक सुरज की मृत्यु हो चुकी थी। बताया गया कि मृतक सुरज के परिवार में उसकी पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। वह अपने बडे बेटे के साथ मिलकर परिवार का भरण-पोषण करता था। इस अचानक हुई मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट आ गया है। गांव में हर आंख नम है और लोग मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे है।

Post a Comment

Previous Post Next Post