आकोली बु. में 77 वां गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

* विद्यालय में ध्वजारोहण व सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिक्षा की गुणवत्ता बढाने का आह्वान

बुलढाणा / अनिलसिंह चव्हाण :- संग्रामपुर तहसील के आकोली बु. गांव में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिला परिषद मराठी प्राथमिक विद्यालय, आकोली बु. में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामवासियों का मन मोह लिया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मुख्याध्यापक ने विद्यार्थियों और ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस का ऐतिहासिक महत्व, भारतीय संविधान के मूल्य, अधिकार और कर्तव्यों के बारे में सरल शब्दों में जानकारी दी।


मुख्याध्यापक ने इस अवसर पर सरपंच, उपसरपंच, ग्रामपंचायत सदस्यों तथा सभी ग्रामवासियों से विद्यालय के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए तन–मन–धन से सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा की, शासकीय निधि उपलब्ध कराकर विद्यालय की भौतिक और शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार हेतु सामूहिक प्रयास आवश्यक है।


इस कार्यक्रम में ग्रामपंचायत पदाधिकारी, शिक्षकवर्ग, विद्यार्थी, अभिभावक एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। देशभक्ति नारों और उत्साहपूर्ण सहभाग के कारण आकोली बु. में गणतंत्र दिवस समारोह प्रेरणादायी और यादगार बन गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post