▪️ दोपहर 12 बजे तक नगरदेवळा पूरी तरह बंद
▪️ व्यापारियों, सर्वदलीय नेताओं व ग्रामीणों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
नगरदेवला / फिरोज पिंजारी :- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री अजितदादा पवार के बुधवार, 28 जनवरी 2026 को बारामती हवाई अड्डे पर हुए भीषण हादसे में हुए दुखद निधन से पूरे महाराष्ट्र सहित नगरदेवला क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अजितदादा पवार समर्थक नगरदेवला की ओर से गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे तक ‘नगरदेवला बंद’ का आह्वान किया गया था।
इस आह्वान को नगरदेवला के सभी व्यापारियों, दुकानदारों, सर्वदलीय नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों ने पूर्ण समर्थन दिया। सुबह 6 बजे से ही गांव की मुख्य बाजारपेठ, दुकानें, छोटे-बडे व्यवसाय, परिवहन और अन्य सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं। दोपहर 12 बजे तक गांव में सन्नाटा पसरा रहा और जगह-जगह अजितदादा पवार के चित्र पर पुष्पहार अर्पित कर शोकसभाएं आयोजित की गईं।
* शोक वातावरण और श्रद्धांजलि :- नगरदेवला और पाचोरा तहसील में अजितदादा पवार के अनेक समर्थक और प्रशंसक है। उनके आकस्मिक निधन की खबर से गांव में गहरा शोक व्याप्त हो गया। कई स्थानों पर छोटी-छोटी शोकसभाओं का आयोजन किया गया, जहां स्थानीय कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिलाओं ने एकत्र होकर उनके योगदान को याद किया।
अजितदादा पवार ने ग्रामीण विकास, सिंचाई, सहकार और राज्य की आर्थिक मजबूती के लिए जो कार्य किए, वे हमेशा याद रखे जाएंगे। पाचोरा तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता है। उनके जाने से स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच एक बडी रिक्तता पैदा हो गई है।
* बंद रहा पूरी तरह सफल :- 'नगरदेवला बंद’ पूरी तरह सफल रहा। मुख्य बाजार के किराना, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाइयों की दुकानें, होटल और अन्य सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और पदाधिकारियों ने बंद को समर्थन देते हुए अजितदादा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
* कार्यकर्ताओं की भावनाएं :- अजितदादा पवार समर्थक नगरदेवला की ओर से कहा गया कि, दादा के निधन से हम सभी स्तब्ध है। महाराष्ट्र और ग्रामीण समाज के लिए उन्होंने जो योगदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज का बंद उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है। दादा हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे।
इस दुखद घटना से नगरदेवला के हर घर में शोक का माहौल है। सभी ने अजितदादा पवार के परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति मिले और महाराष्ट्र की जनता इस आघात से उबर सके, ऐसी प्रार्थना की है।
