* जिला उद्योग केंद्र जलगांव व राष्ट्रवादी कांग्रेस युवती विभागीय अध्यक्षा अभिलाषा रोकडे के संयुक्त आयोजन से सफल पहल ; व्यवसाय मार्गदर्शन, स्नेहभोजन व उपहार वितरण
नगरदेवला / फिरोज पिंजारी :- ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में उद्यमिता, स्वरोजगार और गृह उद्योगों के प्रति रुचि बढाने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, जलगांव तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस युवती उत्तर महाराष्ट्र विभागीय अध्यक्षा अभिलाषा भिला रोकडे के संयुक्त तत्वावधान में बदरखे (ता. पाचोरा) में महिलाओं के लिए उद्यमिता अभियान एवं प्रशिक्षण शिबिर का आयोजन किया गया। इस शिबिर को आसपास के गांवों की महिलाओं से उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला।
इस उपक्रम के अंतर्गत महिलाओं को नए व्यवसाय अवसर, गृह उद्योग, स्वरोजगार, प्रशिक्षण, बैंक ऋण, सरकारी योजनाएं, अनुदान एवं सब्सिडी से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से विशेषज्ञ मार्गदर्शकों ने अपने अनुभवों के आधार पर मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान अभिलाषा रोकडे की ओर से उपस्थित महिलाओं के लिए स्नेहभोजन का आयोजन किया गया, साथ ही आकर्षक उपहारों का वितरण भी किया गया। इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ने और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की प्रेरणा मिलने की भावना उपस्थित महिलाओं ने व्यक्त की।
शिबिर में तुषार पाटील, वैभव शिंदे, विनोद पाटील, लक्ष्मी मराठे और शैलेंद्र बोरसे ने मार्गदर्शन करते हुए बताया कि ग्रामीण महिलाएं उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग कर लघु उद्योग, प्रसंस्करण उद्योग, बचत समूह आधारित व्यवसाय कैसे शुरू कर सकती है। साथ ही व्यवसाय आरंभ करने के लिए आवश्यक अनुमतियां, पंजीकरण प्रक्रिया और बाजार उपलब्धता पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस प्रशिक्षण शिबिर से ग्रामीण महिलाओं में व्यवसाय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो रहा है और गृह उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के उपक्रमों से भविष्य में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को बडी मजबूती मिलेगी।
