* सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुंबई से आरोपी गिरफ्तार
* मुंबई - पुणे एक्सप्रेस हाईवे पर ट्रक चोरी का खुलासा, डोंगरी इलाके से माल समेत दो आरोपी पकडे गए
खालापुर / दिपक जगताप :- मुंबई - पुणे एक्सप्रेस हाईवे पर हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए खालापुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुंबई के डोंगरी इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस कार्रवाई में चोरी का मुद्देमाल भी बरामद किया गया है। इस सफलता के लिए खालापुर पुलिस की जिला स्तर पर सराहना की जा रही है।
यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस अधीक्षक आचल दलाल, अपर पुलिस अधीक्षक अभिजीत शिवथरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी विशाल मेहुल (खालापुर) तथा पुलिस निरीक्षक सचिन पवार (खालापुर) के मार्गदर्शन में की गई। सहायक पुलिस निरीक्षक अशोक जगताप, खालापुर पुलिस और मुंबई पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने यह प्रभावी कार्रवाई अंजाम दी।
* घटना का विवरण :- 9 दिसंबर 2025 को मुंबई - पुणे एक्सप्रेस हाईवे पर माडप बोगदा के पास, शिकायतकर्ता अपने मालवाहक ट्रक (क्रमांक MH 16 AY 6197) से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान माडप टनल से कुंभिवली ब्रिज के बीच, एक अज्ञात व्यक्ति चलती ट्रक में चढ़ा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने ट्रक में लदे एल्यूमिनियम एलॉय इंगोट्स में से 45 नग (कीमत लगभग 32,400 रुपये) सड़क पर फेंक दिए, जिन्हें पीछे आ रहे वाहन से उठाकर फरार हो गए।
* सीसीटीवी से सुराग, मुंबई तक पहुंची जांच :- घटना के बाद खालापुर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर चोरी के तार मुंबई के डोंगरी - वाडीबंदर इलाके से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद पो. उपनि. अशोक जगताप और अपराध शाखा ने सटीक जानकारी के आधार पर जाल बिछाया।
* दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की कबुली :- पुलिस ने चारनल चौक, डोंगरी से अर्जुन शंकर काले (उम्र 32, निवासी वाडीबंदर, डोंगरी, मुंबई), सोहेल रहीम खान (उम्र 40, निवासी ब्रिज के नीचे, वाडीबंदर, डोंगरी, मुंबई) इन दोनों को चोरी में इस्तेमाल वाहन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की कबुली दी।
पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के नाम संतोष रतन काले (निवासी वाडीबंदर, डोंगरी) और ‘उम्मी’ (पूरा नाम अज्ञात) बताए। शेष माल और फरार आरोपियों की जानकारी न देने के चलते 11 दिसंबर 2025 को दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
* माल बरामद, पुलिस हिरासत :- आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 16 दिसंबर 2025 तक पुलिस हिरासत मंजूर हुई। हिरासत के दौरान चोरी का माल घासबंदर, माजगांव (मुंबई) स्थित कबाड़ी दुकानदार मोहम्मद मुजफ्फर कलील मिस्री से तथा चोरी में इस्तेमाल इको कार (MH 01 AT 2040) भी जब्त की गई।
* दो आरोपी फरार :- इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश खालापुर पुलिस द्वारा जारी है। यह कार्रवाई मुंबई - पुणे एक्सप्रेस हाईवे पर बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने वाली साबित हुई है और खालापुर पुलिस की तत्परता, तकनीकी जांच और कौशल की चारों ओर प्रशंसा हो रही है।
