मंगेश कालोखे हत्याकांड : साईबाबा नगर से खोपोली पुलिस स्टेशन तक भव्य कैंडल मार्च

* सभी आरोपी गिरफ्तार होने तक चुप नहीं बैठेंगे - विधायक महेंद्र थोरवे

* हजारों नागरिकों की भागीदारी; दोषियों को कडी सजा देने की मांग

खोपोली / केपी न्यूज ब्यूरो :- खोपोली नगर परिषद की नवनिर्वाचित नगरसेविका मानसी कालोखे के पति मंगेश कालोखे की नृशंस हत्या के बाद खोपोली शहर और आसपास के इलाके में भारी जनआक्रोश देखने को मिल रहा है। घटना के तुरंत बाद पुलिस द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया था। मंगेश कालोखे के भतीजे राज निलेश कालोखे द्वारा खोपोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद जांच में तेजी आई है, लेकिन अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नागरिकों में असंतोष बना हुआ है।

इसी बीच विधायक महेंद्र थोरवे ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि, जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक हम शांत नहीं बैठेंगे।


मंगेश कालोखे की हत्या के विरोध में सोमवार, 29 दिसंबर 2025 को शाम 5 बजे साईबाबा नगर से खोपोली पुलिस स्टेशन तक एक भव्य कैंडल मार्च निकाला गया। इस मार्च में शिवसैनिकों, विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा हजारों आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। हाथों में मोमबत्तियां, तख्तियां और न्याय की मांग वाले संदेश लेकर नागरिकों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना आक्रोश व्यक्त किया।


कैंडल मार्च के दौरान उपस्थित नागरिकों ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की तेज और निष्पक्ष जांच, दोषियों को कठोरतम सजा की जोरदार मांग की। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस गंभीर मामले में किसी भी प्रकार की देरी न करने और ठोस कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई। इस हत्याकांड से पूरे खोपोली शहर में शोक और आक्रोश का वातावरण है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक मंगेश कालोखे के परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। न्याय की मांग को लेकर आवाज बुलंद रखने का संकल्प लिया गया है और अब खोपोली पुलिस प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post