* नगराध्यक्ष पद पर पुष्पा दगडे की शानदार जीत ; परिवर्तन विकास आघाड़ी को स्पष्ट बहुमत
कर्जत / नरेश जाधव :- कर्जत नगर परिषद की सार्वत्रिक चुनाव 2025 के नतीजों ने शहर की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। थेट नगराध्यक्ष पद की सीधी टक्कर में परिवर्तन विकास आघाड़ी की उम्मीदवार पुष्पा दगडे ने भाजपा - शिवसेना (शिंदे गुट) महायुति की उम्मीदवार स्वाती लाड को 4,470 मतों से हराकर दणदणीत जीत दर्ज की। इस परिणाम से कर्जत में आजी - माजी विधायकों के प्रभाव को करारा झटका लगा है।
इस चुनाव में कुल 21,680 मत पड़े। प्रचार के दौरान मुकाबला कांटे का माना जा रहा था, लेकिन मतगणना के साथ ही परिवर्तन विकास आघाड़ी ने शुरुआती बढ़त बनाकर अंत तक कायम रखी और स्पष्ट जनादेश हासिल किया।
प्रभागनिहाय नतीजों में परिवर्तन विकास आघाड़ी (राष्ट्रवादी कांग्रेस + शिवसेना ठाकरे गुट) को 13 सीटें मिलीं, जबकि महायुति (शिवसेना शिंदे गुट + भाजपा) को 8 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
प्रभाग 2 से शिवसेना के एडवोकेट संकेत भासे विजयी रहे। वहीं प्रभाग 3, 4, 6 और 10 के नतीजे खास चर्चा में रहे। कुछ जगहों पर बेहद कम अंतर से जीत - हार तय हुई, तो कुछ प्रभागों में परिवर्तन विकास आघाड़ी ने बड़े अंतर से अपना वर्चस्व साबित किया।
इस चुनाव को आजी - माजी विधायकों की प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा था। हालांकि, महायुति की उम्मीदवार स्वाती लाड की हार से लाड परिवार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। दूसरी ओर, परिवर्तन विकास आघाड़ी ने शहर में बदलाव की भावना को भांपते हुए मतदाताओं का भरोसा जीता, ऐसा राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है।
नतीजों से यह साफ हो गया है कि कर्जत के मतदाताओं ने विकास, बदलाव और स्थानीय नेतृत्व को प्राथमिकता दी है। नगराध्यक्ष पद के साथ-साथ नगरसेवकों की संख्या में मिली बढ़त के चलते आने वाले समय में कर्जत नगर परिषद पर परिवर्तन विकास आघाड़ी का वर्चस्व रहने की संभावना प्रबल है। कुल मिलाकर, यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि राजनीतिक समीकरणों को बदलने और पुराने प्रभावों को चुनौती देने वाला जनादेश साबित हुआ है।
