खोपोली में कुलदीपक शेंडे की शानदार जीत

* नगराध्यक्ष पद पर 1,118 मतों से विजय ; शिंदे गुट 14 सीटों के साथ आगे, राष्ट्रवादी को 7 सीटें

खोपोली / खलील सुर्वे :- खोपोली नगर परिषद सार्वत्रिक चुनाव 2025 के नतीजे घोषित होते ही शहर का राजनीतिक परिदृश्य पूरी तरह साफ हो गया। शिवसेना - भाजपा - आरपीआई महायुति के उम्मीदवार कुलदीपक शेंडे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) समर्थित परिवर्तन विकास आघाडी के उम्मीदवार और पूर्व नगराध्यक्ष डॉं. सुनील गोटीराम पाटील को 1,118 मतों से हराकर नगराध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के बाद खोपोली में भगवामय माहौल देखने को मिला।

इस मुकाबले में कांग्रेस के तौफिक करजीकर, आम आदमी पार्टी के डॉं. रियाज पठाण और पत्रकार किशोर सालुंके को मिलाकर 1,602 वोट मिले। इसके अलावा ऋषिकेश कोंडुसकर (273) और पत्रकार अनिल वाघमारे (318) को भी उल्लेखनीय मत प्राप्त हुए। इस वोटों के बंटवारे से मुख्य मुकाबले में अंतर और बढ गया।


* दिग्गजों को करारी हार :- इस चुनाव में नगराध्यक्ष पद के उम्मीदवार डॉं. सुनील पाटील के साथ-साथ पूर्व नगराध्यक्ष दत्तात्रेय मसुरकर, पूर्व नगरसेवक किशोर पानसरे, जीनी सैम्युअल और रियाज पठाण जैसे दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पडा। वहीं शरद पवार गुट का खाता सुवर्णा मोरे की जीत से खुला, जबकि राहुल गायकवाड एकमात्र निर्दलीय नगरसेवक बने।


* प्रचार रणनीति और नेतृत्व :- महायुति उम्मीदवार कुलदीपक शेंडे के लिए विधायक महेंद्र थोरवे ने बेहद योजनाबद्ध, अनुशासित और आक्रमक प्रचार मशीनरी खडी की। बूथ स्तर की रणनीति, मतदाताओं से सीधा संवाद और संगठनात्मक ताकत इस जीत में निर्णायक साबित हुई।


इसके विपरीत, राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सांसद सुनील तटकरे और जिलाध्यक्ष सुधाकर घारे की प्रतिष्ठा दांव पर होने के बावजूद प्रचार में बिखराव और योजना की कमी मतदाताओं से छिप नहीं सकी, ऐसी प्रतिक्रिया शहर में सुनने को मिली।


* मतदान का संक्षिप्त ब्यौरा :- खोपोली शहर में कुल 62,074 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 42,448 मतदाताओं ने नगराध्यक्ष पद के लिए मतदान किया।


* प्रभागवार विजेता (संक्षेप) :-

प्रभाग 1 : मंगेश दलवी (राष्ट्रवादी), श्रुती पालांडे (शिवसेना शिंदे)

प्रभाग 2 : अमित फाले, मानसी कालोखे (दोनों शिवसेना–शिंदे)

प्रभाग 3 : सुवर्णा मोरे (शरद पवार गुट), अनिल सानप (शिवसेना–शिंदे)

प्रभाग 4 : विनायक तेलवणे (राष्ट्रवादी), प्रतिक्षा रेटरेकर (भाजपा)

प्रभाग 5 : हर्षदा गायकवाड, समीर मसुरकर (राष्ट्रवादी)

प्रभाग 6 : मयुरी शेलार (शिवसेना शिंदे), राहुल गायकवाड (निर्दलीय)

प्रभाग 7 : ऐश्वर्या पाटील, प्रशांत शेंडे (दोनों राष्ट्रवादी)

प्रभाग 8 : रुपाली जाधव, रुकसाना जळगावकर (दोनों शिवसेना शिंदे)

प्रभाग 9 : गणेश सुतक, तसलीम पाटील (दोनों शेकाप)

प्रभाग 10 : अनिता पवार, उज्ज्वला महाडिक, हरीश काळे (शिवसेना शिंदे पैनल)

प्रभाग 11 : सानिया शेख, विक्रम साबले (दोनों भाजपा)

प्रभाग 12 : वनिता कांबले औटी, निजामुद्दीन जलगावकर (दोनों शेकाप)

प्रभाग 13 : अविनाश किर्वे, वंदना सावंत (दोनों शिवसेना शिंदे)

प्रभाग 14 : रेश्मा गायकवाड (शिवसेना शिंदे), किशोर पाटील (भाजपा)

प्रभाग 15 : स्वेला अहिर (राष्ट्रवादी), संदीप पाटील (शिवसेना–शिंदे)


* पार्टीवार सीटें :- शिवसेना (शिंदे गुट) : 14

राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) : 7

भाजपा : 4

शेतकरी कामगार पार्टी (शेकाप) : 4

शरद पवार गुट : 1

निर्दलीय : 1


* नगराध्यक्ष पद का परिणाम :-

कुलदीपक शेंडे : 20,469 मत

डॉं. सुनील पाटील : 19,351 मत

मतों का अंतर : 1,118


यह चुनाव केवल नगराध्यक्ष या नगरसेवकों के चयन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विधायक महेंद्र थोरवे के नेतृत्व की परीक्षा भी था। अंततः मतदाताओं के फैसले ने महायुति की सुनियोजित रणनीति पर मुहर लगा दी। खोपोली में अगले पाँच वर्षों की विकास दिशा तय करने वाला यह जनादेश माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post