* सुबह स्कूल छोड़कर लौटते समय सामाजिक कार्यकर्ता मंगेश कालोखे की नृशंस हत्या ; शहर बंद की घोषणा
खोपोली / खलील सुर्वे :- खोपोली शहर में आज सुबह एक सनसनीखेज और गंभीर वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। वार्ड क्रमांक 2 की नवनिर्वाचित शिवसेना (शिंदे गुट) की नगरसेविका मानसी कालोखे के पति और सामाजिक कार्यकर्ता मंगेश कालोखे की सुबह करीब 7 बजे नृशंस हत्या कर दी गई। शांत, औद्योगिक और धार्मिक शहर के रूप में पहचाने जाने वाले खोपोली में हुई इस वारदात से लोगों में भय, आक्रोश और तनाव का माहौल है।
* स्कूल छोड़कर लौटते वक्त हमला :- प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मंगेश कालोखे अपने बेटे को स्कूल छोड़कर दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान विहारी इलाके में जया बार के सामने अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काले रंग के वाहन से आए हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मंगेश कालोखे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
* पुलिस जांच तेज, इलाके की घेराबंदी :- घटना की सूचना मिलते ही खोपोली पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके को सील कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मोबाइल कॉल डिटेल्स समेत तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
* थाने में भारी भीड़, गिरफ्तारी की मांग :- घटना के बाद खोपोली पुलिस थाने में तनाव का माहौल बन गया। शिवसेना के पदाधिकारी, नवनिर्वाचित नगरसेवक - नगरसेविकाएं, कार्यकर्ता और बडी संख्या में नागरिक थाने पहुंचे। सभी ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कडी कार्रवाई की मांग की।
* शहर बंद की घोषणा :- हत्या के विरोध में खोपोली शहर बंद रखने की घोषणा की गई है। शिवसेना (शिंदे गुट) के नवनिर्वाचित नगराध्यक्ष कुलदीपक शेंडे और शहर प्रमुख संदीप पाटील ने घटना की कडी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष व्यक्ति की जान जाना बेहद दुखद है। उन्होंने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
* आमदार महेंद्र थोरवे ने जताया संदेह :- कर्जत - खालापुर विधानसभा क्षेत्र के आमदार महेंद्र थोरवे ने एक निजी न्यूज चैनल को दिए बयान में इस हत्याकांड को लेकर सुधाकर घारे, भरत भगत और रवी देवकर सहित कुछ लोगों पर संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव अपने कब्जे में नहीं लेने देंगे।
* नागरिकों में गुस्सा :- सामाजिक कार्य में सक्रिय व्यक्ति की इस तरह हत्या को लोग पूरे शहर पर हमला मान रहे है। घटना को लेकर हर वर्ग से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्याकांड के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
