संग्रामपुर स्कूल में पूर्व छात्रों का स्नेह मिलन उत्साहपूर्वक संपन्न

* 20 साल बाद फिर बसी ‘पुराने दोस्तों की पाठशाला’

बुलढाणा / अनिलसिंह चव्हाण :- संग्रामपुर शहर स्थित पीएम श्री जिला परिषद हाईस्कूल में 1 फरवरी को पूर्व छात्रों का स्नेह मिलन समारोह बेहद उत्साहपूर्ण और भावुक माहौल में संपन्न हुआ। करीब 20 वर्षों बाद एक साथ मिले पुराने दोस्तों ने स्कूल परिसर को यादों से भर दिया। सभी ने महसूस किया कि मानो “पुराने दोस्तों की पाठशाला” फिर से बस गई हो।


समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रभारी मुख्याध्यापक श्रीरंग ढोकणे ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में इसी विद्यालय की पूर्व छात्रा, वर्तमान शिक्षिका एवं सेवानिवृत्त प्रभारी मुख्याध्यापिका चित्राताई राजनकर (निमकर्डे मैडम) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ मां सरस्वती एवं संत शिरोमणि रविदास महाराज की प्रतिमा के पूजन से हुई।


पूर्व छात्रों की ओर से सभी शिक्षकों का सम्मान एवं सत्कार किया गया। इस अवसर पर पूर्व छात्र अनिलसिंह चव्हाण ने प्रस्तावना रखते हुए वर्ष 2005 - 06 की दसवीं कक्षा के दिनों को याद किया और शालेय जीवन में अनुशासन, संस्कार तथा शिक्षकों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन के महत्व पर प्रकाश डाला।


अन्य पूर्व छात्र - छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि, “विद्यालय ने ही हमें अच्छे संस्कार और मूल्य दिए, जिसकी बदौलत आज हम जिम्मेदार नागरिक बन सके है।” 20 वर्षों बाद मित्रों से मुलाकात होने पर पुरानी यादें फिर से ताजा हो गईं, ऐसी भावनाएं सभी ने व्यक्त कीं।


इस अवसर पर पूर्व छात्रों की ओर से विद्यालय को स्पीकर भेंट किया गया। कार्यक्रम में मोरणकर सर, राठोड सर, इंगले सर, मारोडे सर, मेहरकर सर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी वृंद उपस्थित थे। शिक्षकों ने सभी पूर्व छात्रों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और संतोष व्यक्त किया।


कार्यक्रम का संचालन प्रवीण वानखडे ने किया, जबकि आभार विजय आकोटकर ने माना। स्नेह मिलन समारोह से पूर्व छात्रों और शिक्षकों के बीच का रिश्ता और अधिक मजबूत हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यालय के प्रति आत्मीयता और जुडाव हमेशा बना रहता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post