कबाड़ में बेची गई अलमारी से निकले 5 तोला सोना

 

* कबाड़ी की ईमानदारी से खोपोली में मानवता की मिसाल कायम

खोपोली / संवाददाता :- इंसानियत और ईमानदारी आज भी जिंदा है, इसका सजीव उदाहरण खोपोली शहर में देखने को मिला है। निचे की खोपोली की एक महिला ने अनजाने में कबाड़ में बेची अलमारी में रह गए 5 तोला सोने के आभूषण कबाड़ी की ईमानदारी के चलते ज्यों के त्यों सुरक्षित वापस पा लिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निचे की खोपोली स्थित अंबिका ज्वेलर्स के सामने रहने वाली प्रतीक्षा प्रकाश सावंत ने बीते दिन अपनी पुरानी अलमारी कृष्णानगर में स्थित मुनीलाल कबाड़ी की दुकान से जुड़े एक फेरीवाले को कबाड़ के तौर पर बेच दी थी। लेकिन अलमारी बेचते समय उसमें बनी गुप्त तिजोरी में रखी 5 तोला सोने की माला और चांदी के आभूषण रह जाने की बात उनके ध्यान में नहीं आई।


आज अचानक आभूषणों की याद आने पर प्रतीक्षा सावंत ने घर में हर जगह खोजबीन की, लेकिन कुछ नहीं मिला। अंततः उन्हें यह एहसास हुआ कि आभूषण उसी अलमारी में रह गए होंगे, जो कल कबाड़ में बेची गई थी। बिना देर किए वे सीधे कबाड़ी की दुकान पहुँचीं। दुकान पर पहुँचने पर वही अलमारी वहाँ मौजूद मिली। सभी के सामने अलमारी खोली गई तो भीतर रखे सभी आभूषण पूरी तरह सुरक्षित पाए गए।


मूल्यवान आभूषण सुरक्षित वापस मिलने से सावंत परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्रतीक्षा सावंत ने आभूषण लौटाने के लिए मुनीलाल और संबंधित फेरीवाले कर्मचारी का दिल से आभार व्यक्त किया। महंगाई के इस दौर में सामने आए सोने का लालच न कर उसे मालिक तक लौटाने वाले इस ईमानदार कबाड़ी की पूरे खोपोली में सराहना हो रही है। यह घटना शहर में मानवता और ईमानदारी की उजली मिसाल बनकर चर्चा का विषय बन गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post