मालेगांव में महिलाराज : पहली बार मेयर - डिप्टी मेयर पद पर दो महिलाएं

* इस्लाम पार्टी की शेख नसरीन खालिद मेयर

* सपा की शान-ए-हिंद निहाल अहमद डिप्टी मेयर

* मालेगांव सेक्युलर फ्रंट’ की सत्ता, कांग्रेस का समर्थन

मालेगांव / संवाददाता :- मालेगांव महानगरपालिका में इस्लाम पार्टी की शेख नसरीन खालिद को मेयर तथा समाजवादी पार्टी की शान-ए-हिंद निहाल अहमद को डिप्टी मेयर चुना गया है। 7 फरवरी 2026 को हुए चुनाव में दोनों को 43-43 वोट मिले। इससे पहले 15 जनवरी 2026 को हुए नगर निगम चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इसके बाद इस्लाम पार्टी और समाजवादी पार्टी ने गठबंधन कर ‘मालेगांव सेक्युलर फ्रंट’ बनाया, जिसे कांग्रेस के तीन पार्षदों का समर्थन मिला और सत्ता गठन का रास्ता साफ हुआ।

* किसी को बहुमत नहीं ; गठबंधन ने हासिल किया ‘मैजिक नंबर’ :- नगर निगम चुनाव में इस्लाम पार्टी को 35, एआईएमआईएम को 21, शिवसेना को 18, समाजवादी पार्टी को 5, कांग्रेस को 3 और भाजपा को 2 सीटें मिली थीं। स्पष्ट बहुमत न होने के कारण गठबंधन अपरिहार्य हुआ। इस्लाम पार्टी - सपा गठबंधन को कांग्रेस के समर्थन से 43 का ‘जादुई आंकड़ा’ प्राप्त हुआ।


* पहली बार दो महिलाएं शीर्ष पदों पर :- मालेगांव महानगरपालिका के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब मेयर और डिप्टी मेयर दोनों पदों पर महिलाएं चुनी गई है। इसे शहर की राजनीति में महिलाओं के सशक्त नेतृत्व की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।


* विपक्ष को सीमित समर्थन ; कुछ दलों का मतदान से बहिष्कार :- मेयर पद के लिए शिवसेना की लता घोड़के और डिप्टी मेयर पद के लिए निलेश काकड़े उम्मीदवार थे, जिन्हें शिवसेना के 18 वोट मिले। उल्लेखनीय है कि 21 सीटों वाली एआईएमआईएम और 2 सीटों वाली भाजपा ने मतदान प्रक्रिया से दूरी बनाए रखी। अन्य उम्मीदवारों द्वारा समय रहते नाम वापस लेने से मुकाबला सीधा रहा।


* शहर विकास की नई जिम्मेदारी :- नए नेतृत्व के सामने शहर की आधारभूत सुविधाएं, जलापूर्ति, स्वच्छता, यातायात और रोजगार सृजन जैसे मुद्दों पर त्वरित कार्य करने की चुनौती है। नव-निर्वाचित मेयर और डिप्टी मेयर ने पारदर्शी व समावेशी प्रशासन देने का आश्वासन दिया है।


* राजनीतिक विरासत :- डिप्टी मेयर बनीं शान-ए-हिंद निहाल अहमद समाजवादी नेता व पूर्व मंत्री निहाल अहमद की बेटी है, जिन्होंने मालेगांव के पहले मेयर के रूप में सेवा दी थी। उनकी माता सज्जादा निहाल अहमद मालेगांव म्युनिसिपल काउंसिल की अध्यक्षा रह चुकी है। इस पृष्ठभूमि में शान-ए-हिंद निहाल अहमद के नेतृत्व से शहर को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post