नगरदेवला में मुंबई पुलिस अधिकारी के घर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश

* मां - बहन की सूझबूझ से बडा हादसा टला

* बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए दो आरोपी, CCTV में कैद

नगरदेवला / फिरोज पिंजारी :- नगरदेवला स्थित राऊल गली में मुंबई पुलिस दल के पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) देवेंद्र उमेश राऊल के घर पर देर रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच पेट्रोल डालकर आग लगाने की गंभीर कोशिश की गई। इस घटना के समय घर में उनकी मां और बहन मौजूद थीं। समय पर जाग जाने और तत्परता दिखाने से दोनों महिलाओं ने आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बडी दुर्घटना टल गई। हमलावर बिना नंबर प्लेट की दोपहिया पर सवार होकर आए थे। इस मामले में पाचोरा पुलिस थाने में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर बिलसरी की बोतल में पेट्रोल लेकर आए थे। बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक राऊल गली के गणपती मंदिर के पास वाहन खडा कर एक आरोपी लोहे के गेट को फांदकर मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल डालकर आग लगाकर फरार हो गया। पेट्रोल डालते ही दरवाजे के पास लगे पर्दे ने आग पकड ली और घर में धुआं फैल गया।


* मां के जागते ही बडा अनर्थ टला :- घटना के समय नंदकौर राऊल को पेट्रोल की गंध और धुएं का अहसास हुआ, जिससे उनकी नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत अपनी बेटी किरण राऊल को जगाया। शुरुआत में उन्हें शॉर्ट सर्किट से आग लगने का संदेह हुआ, लेकिन दरवाजे के पास आग देखकर दोनों ने पानी डालकर आग बुझाई। समय पर दिखाई गई सूझबूझ से बडी अनहोनी टल गई।


* मौके पर पेट्रोल की बोतल और माचिस मिली :- आग बुझाने के बाद बाहर देखा तो दरवाजे के पास पेट्रोल की खाली बोतल, सीढी पर माचिस की डिब्बी और नीचे जली हुई तीली पडी मिली। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर आगजनी की कोशिश थी। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए।


* CCTV में कैद हुए संदिग्ध :- रात में पुलिस कांस्टेबल दिनेश पाटिल ने घटनास्थल का मुआयना किया। PSI देवेंद्र राऊळ ने तत्काल अपने विभाग को सूचना दी। पडोस की किराना दुकान के CCTV फुटेज में रात 2:58 बजे बिना नंबर प्लेट की बाइक पर दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए। यह फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी गई है।


* अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी :- इस मामले में पाचोरा पुलिस थाने में देर शाम तक मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी। आगजनी का प्रयास, जान को खतरे में डालना और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी धाराओं में मामला दर्ज होने की संभावना है। हमले के पीछे के मकसद और संभावित साजिशकर्ताओं की भी जांच की जा रही है।


* इलाके में दहशत :- घटना के बाद नगरदेवला क्षेत्र में भय का माहौल है। एक पुलिस अधिकारी के घर पर इस तरह का हमला होना गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कडी कार्रवाई की मांग की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post