नगरदेवला में देसी शराब की भट्टी पर पुलिस का ताबड़तोड़ छापा

* अग्नावंती डैम परिसर में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री ध्वस्त ; 13 हजार का माल जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

नगरदेवला / फिरोज पिंजारी :- पाचोरा तहसील के नगरदेवला गांव के पास स्थित अग्नावंती डैम और जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही देसी शराब की भट्टी पर रविवार (15 फरवरी) को पाचोरा शहर पुलिस ने बडी कार्रवाई की। इस छापेमारी में पुलिस ने करीब 13 हजार रुपये मूल्य का माल व कच्चा माल (शराब बनाने के लिए उपयोग होने वाला रसायन) जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही संजू वसंत कुहाड़े (उम्र 42, निवासी - नगरदेवला) को हिरासत में लिया गया है।

पाचोरा शहर पुलिस थाना क्षेत्र में नगरदेवला गांव से लगभग 2 से 4 किलोमीटर दूर अग्नावंती डैम के जंगल परिसर में देसी शराब बनाने की अवैध भट्टी चल रही होने की गोपनीय सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार पवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान शराब निर्माण में प्रयुक्त ड्रम, प्लास्टिक कैन, कच्चा मिश्रण और अन्य सामग्री बरामद की गई।


पुलिस ने इस कार्रवाई में लगभग 13 हजार रुपये मूल्य का माल जब्त किया। शराब निर्माण के लिए जमा किया गया कच्चा माल और मिश्रण मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।


ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में गुप्त रूप से चल रहे इस अवैध धंधे का युवाओं पर बुरा प्रभाव पड रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से गांव में संतोष व्यक्त किया जा रहा है।


इस मामले में पाचोरा शहर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि देसी शराब निर्माण व बिक्री के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और आगे की जांच जारी है।


यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार पवार के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक योगेश गणगे, सहायक फौजदार निवृत्ती मोरे, सहायक हवालदार हरीश अहिरे, कॉन्स्टेबल दिनेश पाटील, वैभव पाटील और मजीद पठाण की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।


नगरदेवला क्षेत्र में देसी शराब की भट्टी पर की गई। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में खलबली मच गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण व बिक्री के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे गैरकानूनी धंधों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।


अग्नावंती डैम परिसर में चल रही अवैध देसी शराब भट्टी पर पुलिस की यह ताबड़तोड़ कार्रवाई क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इससे समाज में फैल रहे नशे के दुष्परिणामों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post