रेत से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से युवती गंभीर घायल

* फरार चालक गिरफ्तार ; बालाघाट बूढ़ी की घटना

* अवैध उत्खनन सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज

बालाघाट / शैलेंद्र सिंह सोमवंशी :- बालाघाट जिले के बूढ़ी क्षेत्र में बुधवार शाम रेत से भरे एक ट्रैक्टर ने मलाजखंड निवासी मुस्कान मरकाम को टक्कर मार दी, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को फरार चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे रेत से भरे ट्रैक्टर ने युवती को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुस्कान मरकाम को पेट और कमर में गंभीर चोटें आई है। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फरार चालक की तलाश कर उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के साथ-साथ अवैध उत्खनन से जुड़े प्रावधानों में भी प्रकरण दर्ज किया गया है।


कोतवाली पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, घटना में दोषी पाए गए चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर भी कडी नजर रखी जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और उसके परिवहन को लेकर फिर सवाल उठने लगे है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post