10 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक की अमानवीय पिटाई

* गणित का हिसाब गलत होने पर स्कूल में उत्पीड़न ; अभिभावकों की पुलिस में शिकायत, कडी कार्रवाई की मांग

बुलढाणा / संवाददाता :- पिंपलगांव राजा स्थित जिला परिषद स्कूल में एक शिक्षक द्वारा मात्र गणित का हिसाब गलत होने के कारण 10 वर्षीय नाबालिग छात्र के साथ अमानवीय मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खडे हो गए है।


पीड़ित छात्र पवन नारायण इंगले (उम्र 10 वर्ष) जिला परिषद स्कूल, पिंपलगांव राजा में कक्षा चौथी में पढ़ता है। अभिभावकों के अनुसार, स्कूल के शिक्षक रवींद्र चिम (भडंग) द्वारा पवन को लगातार शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।



पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले भी आरोपी शिक्षक ने पवन की बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उसके कान से खून बहने लगा था। उस समय स्थानीय नागरिकों की मध्यस्थता से मामला अस्थायी रूप से शांत किया गया था और शिक्षक ने दोबारा ऐसी घटना न करने का आश्वासन दिया था।



लेकिन उस आश्वासन को नजरअंदाज करते हुए शिक्षक द्वारा फिर से छात्र पर अत्याचार किए जाने का आरोप अभिभावकों ने लगाया है। आज सुबह स्कूल से घर लौटने के बाद पवन को अचानक चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पडा। जब घबराए माता-पिता ने उससे पूछा, तो उसने बताया कि स्कूल में शिक्षक ने उसकी पिटाई की थी।


घटना के बाद आक्रोशित अभिभावकों ने तुरंत पिंपलगांव राजा पुलिस स्टेशन में आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।


इस घटना से स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, अनुशासन और शिक्षकों की जिम्मेदारी पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए है। अभिभावकों और नागरिकों ने आरोपी शिक्षक को सेवा से बर्खास्त करने और उसके खिलाफ कडी कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post