* कल कैंडल मार्च ; मंगेश कालोखे हत्या मामले में सभी दोषियों की गिरफ्तारी व फांसी की सजा की मांग - विधायक महेंद्र थोरवे
खोपोली / मानसी कांबले - सुधीर माने :- खोपोली के सामाजिक कार्यकर्ता मंगेश कालोखे की नृशंस हत्या से पूरा महाराष्ट्र स्तब्ध है और इस मामले की गूंज राज्यभर में सुनाई दे रही है। इसी पृष्ठभूमि में महेंद्र थोरवे ने शिवसेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक अति-तत्काल बैठक लेकर आंदोलन का स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है।
बैठक में बोलते हुए विधायक महेंद्र थोरवे ने कहा कि, साईबाबानगर से खोपोली पुलिस स्टेशन तक जिस तरह मंगेश कालोखे की नृशंस हत्या की गई, उसके विरोध में कल शाम 5 बजे कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि खोपोली एक सांस्कृतिक शहर है और ऐसी आपराधिक प्रवृत्तियों को कुचलना जरूरी है। यह लडाई कानूनी तरीके से लड़ी जाएगी और मंगेश कालोखे के परिवार को न्याय दिलाने के लिए शहर के सभी नागरिकों और सामाजिक संगठनों को बडी संख्या में इसमें शामिल होना चाहिए।
थोरवे ने आरोप लगाया कि जिन आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है, उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। लेकिन राष्ट्रवादी कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं द्वारा पुलिस पर दबाव डाला जा रहा है, ताकि आरोपियों को गिरफ्तार न किया जाए और उन्हें निर्दोष बताकर बाहर निकाला जाएं। उन्होंने मांग की कि पुलिस किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करे।
थोरवे ने यह भी बताया कि कल एकनाथ शिंदे खोपोली में मंगेश कालोखे के परिवार से मिलने आए थे। उस दौरान उन्होंने सार्वजनिक रूप से आश्वासन दिया कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों पर मोक्का (MCOCA) के तहत कार्रवाई की जाएगी और केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा।
विधायक महेंद्र थोरवे ने दो टूक शब्दों में कहा, अगर कल तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो परसों से हम सभी खोपोली पुलिस स्टेशन के सामने धरना आंदोलन और उपोषण शुरू करेंगे। जब तक मंगेश कालोखे हत्या मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता और उन्हें फांसी की सजा नहीं दी जाती, तब तक हम शांत नहीं बैठेंगे।
इस घोषणा के बाद खोपोली शहर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है। अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है, वहीं कल होने वाले कैंडल मार्च में बडी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
