* खोपोली को दहला देने वाली वारदात के बाद पुलिस की तेज कार्रवाई ; जांच के लिए 8 टीमें तैनात
खोपोली / मानसी कांबळे - सुधीर माने :- खोपोली शहर में कल सुबह हुई दिल दहला देने वाली और बेहद नृशंस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगेश कालोखे हत्याकांड में दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। वार्ड क्रमांक 2 की नवनिर्वाचित शिवसेना (शिंदे गुट) की नगरसेविका मानसी मंगेश कालोखे के पति और सामाजिक कार्यकर्ता मंगेश कालोखे की सुबह करीब 7 बजे निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना से खोपोली समेत पूरे रायगढ जिले में आक्रोश की लहर फैल गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में रविंद्र देवकर और दर्शन देवकर नामक दो संदिग्धों को नागोठणे क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। दोनों से गहन पूछताछ जारी है। हत्या के पीछे की साजिश, हथियारों की आपूर्ति और अन्य सहयोगियों की भूमिका उजागर करने के लिए जांच तेजी से आगे बढ रही है।
इस गंभीर अपराध की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल के मार्गदर्शन में आठ अलग-अलग टीमों को तैनात किया गया है। ये टीमें खोपोली, नवी मुंबई, मुंबई, मुंबई एयरपोर्ट क्षेत्र और रायगढ जिले के विभिन्न स्थानों पर जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी विश्लेषण और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर जांच की रफ्तार बढाई गई है। पुलिस को अपराध में प्रयुक्त हथियारों, वाहनों और आरोपियों की गतिविधियों से जुडी अहम जानकारियां मिलने की बात कही जा रही है।
इस प्रकरण में खोपोली पुलिस थाने में 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है, जिनमें 6 ज्ञात और 4 अज्ञात आरोपी शामिल है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक मनोज ठाकरे कर रहे हैं।
मंगेश कालोखे की पत्नी मानसी कालोखे हाल ही में संपन्न खोपोली नगरपालिका चुनाव में वार्ड क्रमांक 2 से शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से निर्वाचित हुई है और वे लगातार दूसरी बार नगरसेविका बनी है। इसी पृष्ठभूमि में प्रारंभिक तौर पर राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवार की हार के बाद यह वारदात हुई होने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
नागरिकों की ओर से दोषियों को कडी से कडी सजा देने की मांग की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में पुलिस बंदोबस्त बढा दिया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल ने कहा कि मामले की जांच के लिए आठ टीमें बनाई गई हैं और सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। खोपोली को झकझोर देने वाली इस घटना में शामिल हर दोषी को कानून के दायरे में कठोर सज़ा दिलाने का पुलिस प्रशासन ने संकल्प जताया है।
