बालाघाट / शैलेंद्र सिंह सोमवंशी :- मुख्यमंत्री डॉं. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के कल्याण और समृद्धि के लिए पूरी तरह समर्पित है। किसान हमारी विकास नीतियों के मूल में हैं। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी कल्याण के लिए हम मिशन मोड पर काम कर रहे हैं। किसानों को उनके हर वाजिब हक के साथ किसान सम्मान निधि भी दी जा रही है। यह निधि किसानों के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है।
वे कटंगी कृषि उपज मंडी परिसर में राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गेहूं और सोयाबीन पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के अलावा बोनस भी दिया जाएगा।
* धान उत्पादकों के खाते में 337 करोड की राशि ट्रांसफर :- सीएम डॉं. यादव ने सिंगल क्लिक से प्रदेश के 6 लाख 69 हजार 272 धान उत्पादक किसानों के खातों में 337 करोड़ 12 लाख रुपए की बोनस राशि अंतरित की। उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर ₹4000 बोनस दिया गया है।
* 3700 युवाओं को रोजगार, 1000 युवतियां बेंगलुरु में करेंगी जॉब :- सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने रोजगार महोत्सव के जरिए चुने गए 3700 से ज्यादा युवाओं को निजी कंपनियों में नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इनमें से 1000 युवतियां बेंगलुरु की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार सृजन और महिला सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता है। प्रदेश में अब युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए बड़े अवसर पा रहे हैं।