ग्राम पंचायत लामता में ‘संकल्प से समाधान’ शिविर का भव्य आयोजन संपन्न

* मौके पर 106 शासकीय हितग्राही योजनाओं का क्रियान्वयन ; ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान

लामता / शैलेंद्र सिंह सोमवंशी :- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत लामता में ‘संकल्प से समाधान’ शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा कुल 106 शासकीय हितग्राही मूलक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्क्षण निराकरण करते हुए संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।


* विभिन्न विभागों के स्टॉल लगे :- 'संकल्प से समाधान’ शिविर में राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, मत्स्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, कृषि, श्रम, पशु चिकित्सा, उद्यानिकी सहित अन्य विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए। पात्र हितग्राहियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें योजनाओं का त्वरित लाभ प्रदान किया गया।


* समस्याओं का मौके पर निराकरण :- शिविर में आय, जाति व निवास प्रमाण-पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि सहायता, श्रमिक योजनाओं सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदनों का निराकरण किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि शिविर के माध्यम से उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े, जिससे समय और धन दोनों की बचत हुई।


* ग्रामीणों में उत्साह, पहल की सराहना :- शिविर में बडी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘संकल्प से समाधान’ शिविर आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है, क्योंकि समस्याओं का समाधान सीधे गांव स्तर पर ही हो रहा है।


* प्रशासन की सराहनीय पहल :- अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा है कि अंतिम पंक्ति में खडे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य से ‘संकल्प से समाधान’ शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।


शिविर में परसवाड़ा विधायक मधु भगत, जिला पंचायत सदस्य स्मिता टेकाम, जनपद उपाध्यक्ष डॉं. शंकरलाल बिसेन, लामता सरपंच हुलासमल कोचर, उपसरपंच मानेश्वर, लामता के पंचगण, सचिव आशीष रहगडाले, राजस्व निरीक्षक नरेश पटेल, पटवारी चंद्रसेन भारतीय, सहायक मत्स्य अधिकारी डी. पी. मनघटे, कृषि विस्तार अधिकारी पी. के. भालेराव, उद्यानिकी विभाग से अरुणा पटले, पशु चिकित्सा विभाग से अंशुल नागौसे, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं तथा बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post