बांध पास में, गला सूखा...नगरदेवला में भीषण जल संकट

* अग्नावंती बांध लबालब होने के बावजूद वाघनगर में 8 - 8 दिन बाद पानी ; महिलाओं का आक्रोश, ग्राम पंचायत पर आरोप

नगरदेवला / फिरोज पिंजारी :- पिछले मान्सून में मूसलाधार बारिश के चलते अग्नावंती बांध पूरी तरह भर गया है और गांव को पानी देने वाले कुओं में भी पर्याप्त जल उपलब्ध है। इसके बावजूद नगरदेवला गांव में सप्ताह में केवल एक बार ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे नागरिकों में भारी असंतोष व्याप्त है। विशेषकर वाघनगर क्षेत्र की स्थिति अत्यंत दयनीय है। यहां 8 - 8 दिन बाद पानी आने पर भी कई घरों तक एक बाल्टी पानी भी नहीं पहुंच पाता। महिलाओं ने व्यथा व्यक्त करते हुए सवाल उठाया है कि “जब सर्दियों में ही यह हाल है, तो गर्मियों में क्या होगा ?


* वॉर्ड क्रमांक 2 में हालात बदतर :- वाघनगर वॉर्ड क्रमांक 2 स्थित पुरानी पानी की टंकी वाली गली और खालची गली (रमेश पाववड़े की गली) में 30 से 32 घरेलू कनेक्शन होने के बावजूद पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही है। आठ दिन बाद पानी छोड़ा जाता है, फिर भी कई घरों तक एक बूंद तक नहीं पहुंचती। महिलाओं का कहना है कि वे पानी आने की उम्मीद में नलों के पास घंटों इंतजार करती है, लेकिन अधिकांश समय खाली बर्तन लेकर लौटना पडता है।


* मुख्य पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शन :- इस क्षेत्र के ग्राम पंचायत सदस्य सुनील महाजन ने भी स्थिति पर असहायता और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य पाइपलाइन पर बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन लिए गए है। ग्राम पंचायत प्रशासन में इन कनेक्शनों को हटाने का साहस नहीं है, जिसके कारण अंतिम छोर पर बसे नागरिकों को पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने अवैध कनेक्शन तत्काल हटाकर सभी को समान रूप से जलापूर्ति करने की मांग की।


* पानी के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं की भी बदहाली :- वाघनगर क्षेत्र की महिलाओं ने जल संकट के साथ-साथ नालियों, सड़कों और कचरा गाडी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी नाराजगी जताई। कुछ घरों में नाली का गंदा पानी नलों में मिलने की शिकायतें सामने आई है, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद गंभीर मामला है। महिलाओं ने कहा कि कचरा गाडी नियमित नहीं आती, सड़कें जर्जर हालत में है और घर तक सुरक्षित नल कनेक्शन दिया जाएं।


* नागरिकों की मांग : तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं :- वाघनगर वॉर्ड क्रमांक 2 के नागरिकों ने ग्राम पंचायत, सरपंच और संबंधित विभागों से तात्कालिक उपायों की मांग की है।

- मुख्य पाइपलाइन पर किए गए अवैध कनेक्शन तुरंत हटाए जाएं।

- जलापूर्ति का उचित नियोजन कर नियमित समय-सारणी घोषित की जाएं।

- अंतिम छोर तक उच्च दबाव से पानी पहुंचाया जाएं।

- नालियों, सड़कों और कचरा प्रबंधन में सुधार किया जाएं।

- हर घर को सुरक्षित नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।


* पानी पास में, फिर भी प्यासे लोग :- 'बांध पास में, गला सूखा’ कहावत नगरदेवला के वाघनगर इलाके में सच साबित हो रही है। पर्याप्त जलस्रोत होने के बावजूद खराब नियोजन और अव्यवस्था के कारण नागरिकों को पानी के लिए भटकना पड रहा है। यदि प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप नहीं किया तो आने वाली गर्मियों में हालात और भी भयावह हो सकते है, जिससे जनता का आक्रोश और तेज होने की पूरी आशंका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post