* मेधावी छात्रों का सम्मान, आपदा-प्रबंधन प्रशिक्षण और नारीशक्ति, देशभक्ति काव्य पाठ
* इंस्पेक्टर विक्की कुमार द्वारा आपदा प्रबंधन पर जानकारी
* मशहूर कवयित्री सीमा रँगा द्वारा किया गया काव्यपाठ
किनाना (हरियाणा) / संवाददाता :- हरियाणा के किनाना गांव स्थित जागृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सीमा हेल्पिंग फाउंडेशन, दिल्ली की ओर से एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें आपदा-प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना था।
* मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान :- कार्यक्रम में सीमा हेल्पिंग फाउंडेशन की संस्थापिका कवयित्री सीमा रंगा, स्कूल के प्रिंसिपल विनोद नैन, वाइस प्रिंसिपल सतबीर सहित स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। प्रथम पुरस्कार कामना (पुत्री राजेश), द्वितीय पुरस्कार प्रतिभा (पुत्री सुनील दत्त) और तृतीय पुरस्कार प्रीति (पुत्री प्रदीप) को प्रदान किया गया। विद्यालय की शिक्षिकाएं कविता, कृष्णा, पूनम, पूजा, प्रियंका और मनीषा सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
* इंस्पेक्टर विक्की कुमार का आपदा-प्रबंधन सत्र :- कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर विक्की कुमार द्वारा विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ के लिए विशेष आपदा-प्रबंधन सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव नियंत्रण, घायलों को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने, सॉफ्ट टिश्यू इंजरी का अस्पताल-पूर्व उपचार, भूकंप के समय सावधानियां, आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के उपाय, बाढ़ से बचाव के तरीके, घरेलू सामान से अस्थायी सुरक्षा उपकरण बनाने की विधि तथा दिल का दौरा पड़ने पर सीपीआर देने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही दुर्घटना में घायल व्यक्ति की पट्टी बांधने, हड्डी टूटने पर स्थिरता प्रदान करने और घरेलू सामान से स्ट्रेचर बनाने की तकनीक भी सिखाई गई।
* सीमा रंगा का काव्यपाठ : नारीशक्ति और देशभक्ति का संदेश :- कार्यक्रम में कवयित्री सीमा रंगा ने देशभक्ति और नारीशक्ति पर आधारित प्रेरणादायी कविताओं का पाठ किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में अपार प्रतिभा होती है, बस उन्हें पहचानने और सही दिशा देने की जरूरत है। उनकी कविताओं ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की।
* समाजोपयोगी पहल की सराहना :- इस आयोजन से विद्यार्थियों को न केवल सम्मान मिला, बल्कि जीवन रक्षक आपदा-प्रबंधन प्रशिक्षण भी प्राप्त हुआ। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने सीमा हेल्पिंग फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
