विकास कार्यों की अनदेखी पर शुरू हुई हड़ताल दूसरे दिन समाप्त

* तहसीलदार भूपेंद्र अहिरवार ने दिलाया आश्वासन

* 20 दिन में जारी होंगे विकास कार्यों के टेंडर

बालाघाट / शैलेंद्र सिंह सोमवंशी :- नगरीय क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी के आरोप लगाकर नगर पालिका के विपक्षी पार्षदों और कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे द्वारा शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन समाप्त हो गई। तहसीलदार भूपेंद्र अहिरवार ने हड़ताल पर बैठे पार्षदों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि नगर के विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।


* नपाध्यक्ष भारती ठाकुर ने आरोपों को बताया निराधार :- नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में विपक्ष के आरोपों को निराधार और अनर्गल बताया। उन्होंने कहा कि शहर में योजनाबद्ध तरीके से निर्माण कार्य जारी है और जनता इनसे लाभान्वित हो रही है। नपाध्यक्ष ने विधायक मुंजारे पर पलटवार करते हुए कहा, बालाघाट-लालबर्रा विधानसभा क्षेत्र की जनता ही विकास कार्यों की कमी से जूझ रही है, ऐसे में नगर पालिका पर दोषारोपण करना अनुचित है।


* विपक्ष ने उठाई नगर विकास की समस्याएं :- विपक्षी पार्षदों ने बताया कि हड़ताल का उद्देश्य नगर विकास से जुड़ी समस्याओं को उजागर करना था। तहसीलदार ने उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए सभी 33 वार्डों में निर्माण कार्यों की स्थिति पर चर्चा की और संबंधित मांग पत्र का अवलोकन किया।


उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों के टेंडर तकनीकी अड़चनों के कारण लंबित है, लेकिन आगामी 20 दिनों में टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।


* विपक्ष की चेतावनी — समय पर टेंडर नहीं तो फिर हडताल :- विपक्षी पार्षदों ने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा में टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो वे दोबारा हड़ताल पर बैठेंगे।


तहसीलदार ने उन्हें आश्वस्त किया कि तकनीकी बिंदुओं को शीघ्र हल कर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। इस संवाद के बाद नगर पालिका और प्रशासन के बीच समझौता हुआ और हड़ताल समाप्त कर दी गई।


* अब विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद :- हड़ताल खत्म होने के साथ ही नगर के विकास कार्यों को आगे बढाने का मार्ग साफ हो गया है। अब उम्मीद की जा रही है कि शहर के सभी 33 वार्डों में निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के कामों में गति आएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post